रायगढ़ मुनादी।।
बुधवार को प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे रायगढ़ प्रवास के दौरान जब कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं से मिलने गए तब कांग्रेसियों ने शिकवा शिकायत भी उनसे किया। सबसे बड़ी शिकायत नगर निगम के आयुक्त की हुई। एक कांग्रेस नेता ने तो यहां तक कह दिया कि यदि यही आयुक्त चुनाव तक रह गए तो एक भी पार्षद जिता पाना मुश्किल होगा। पार्षदों का खाता भी नहीं खुलेगा।
बुधवार को प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे करीब एक बजे साउथ बिहार एक्सप्रेस से रायगढ़ पहुंचे और सबसे पहले कार्यकर्ताओं से मिलने कांग्रेस भवन पहुंचे। कार्यकर्ताओं को पहले प्रभारी मंत्री ने संबोधित किया और बताया कि निकाय चुनाव में टिकट उन्हीं को मिलेगी जिसे जनता पसंद करेंगी और जिसका काम दिखेगा। इसके बाद कार्यकर्ताओं और नेताओं की बारी थी। शहर के नेताओं ने आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोल हुआ था। उनका कहना था कि आयुक्त ने तो कार्यकर्ताओं की सुनते हैं और न ही उन्हें पहचानते हैं ऐसे में चुनाव कैसे जीतेंगे। एक नेता ने यहां तक कह दिया कि यदि यही हाल रहा तो एक भी पार्षद का जितना मुश्किल होगा।
कलेक्टर साहब भी नहीं पहचानते
कई कांग्रेसी नेताओं ने कलेक्टर रायगढ़ की भी शिकायत की। कुछ नेताओं ने कहा कि कलेक्टर साहब हमें नहीं पहचानते तब प्रभारी मंत्री ने पूछा कि पहचान करना है या काम ? हालांकि दोनों शिकायतों के जवाब में प्रभारी मंत्री ने सिर्फ आश्वासन दिया। सूत्रों के अनुसार उनका एक्सप्रेशन सकारात्मक नहीं था। बहरहाल कांग्रेस के भीतर में ही अधिकारियों को लेकर अलग अलग राय सामने आ रही है।