मुनादी डेस्क।। देश के 5 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। लेकिन अब तक इन राज्यों में चुनावों की घोषणा नहीं हुई है। हालांकि ऐसी संभावना जताई जा रही है कि चुनाव आयोग की ओर से शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव के तारीखों की घोषणा की जाएगी। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केंद्र शासित पुडुचेरी और केरल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
बता दें कि इन राज्यों में आने वाले 2-3 महीनों में चुनाव होंगे। जिसे लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं। चुनाव आयोग शुक्रवार शाम 4.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाला है। जिसमें चुनाव कार्यक्रमों का एलान संभव है। फिलहाल निर्वाचन सदन में चुनाव आयोग की बैठक जारी है। चुनाव आयोग की ओर से इन राज्यों में स्थिति का जायजा लिया जा चुका है।
जानें राज्यों की स्थिति
पश्चिम बंगाल
इस राज्य में विधानसभा की 294 सीटें हैं। यहां बहुमत के लिए 148 सीटें चाहिए। जहां वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। सरकार की मुखिया ममता बनर्जी हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने 211 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस ने 44, लेफ्ट ने 26 और बीजेपी मात्र 3 सीटों पर जीती थी। 10 सीटें निर्दलीय विधायकों ने जीती थी।
तमिलनाडु
तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीट है। जहां वर्तमान में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) की सरकार है। इ पलानीस्वामी वर्तमान में यहां के मुख्यमंत्री है। पिछले चुनाव में AIADMK ने 136 और मुख्य विपक्षी पार्टी डीएमके ने 89 सीटें जीती थी। यहां बहुमत के लिए 118 सीटें चाहिए।
असम
यहां विधानसभा की कुल 126 सीटें हैं। वर्तमान में यहां एनडीए की सरकार है और सर्वानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी 89 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और उसने 60 सीटें जीती थी। वहीं असम गण परिषद ने 30 सीटों पर चुनाव लड़कर 14 सीटें और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट ने 13 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 जीती थी। इस चुनाव में कांग्रेस ने 122 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ 26 सीटों पर कब्जा किया था. यहां बहुमत के लिए 64 सीटें चाहिए।
केरल
केरल में विधानसभा की 140 सीटें हैं। यहां बहुमत के लिए 71 सीटें चाहिए। वर्तमान में यहां सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) की सरकार है। पिनाराई विजयन मुख्यमंत्री हैं। पिछले चुनाव में एलडीएफ को 91 और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को 47 सीटें मिली थी।
पुडुचेरी–
केंद्र शासित राज्य पुडुचेरी में विधानसभा की कुल 30 सीटें हैं। यहां बहुमत के लिए 16 सीटें चाहिए। वर्तमान में यहां राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है। कुछ दिन पहले ही यहां कांग्रेस-डीएमके गठबंधन की सरकार गिर गई थी। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 15 सीटें जीती थी। वहीं, ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस ने 30 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ आठ सीटें हासिल की थी।
Be First to Comment