करोड़ों रुपए के गांजा सहित अन्तर्राज्यी तस्कर गिरफ्तार
रायपुर मुनादी ।।
खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा में शनिवार को पुलिस ने एक मेटाडोर रोककर उससे 11 क्विंटल गांजा बरामद किया है। ये गांजा मछलियों के क्रेट के बीच छिपाकर लाया जा रहा था। बरामद हुए गांजे की अनुमानित कीमत 1.10 करोड़ बताई जा रही है। ये जानकारी रायपुर एएसपी विजय अग्रवाल ने दी। उन्होंने कहा कि गांजे की गंध बाहर न जाए इसके लिए उसे मछलियों के क्रेट में डालकर आंध्रप्रदेश से बस्तर के रास्ते लाया गया जो उत्तरप्रदेश जाने वाली थी। इस मामले में पुलिस ने वाहन चालक वीवीआर श्रीनिवास और सहायक एन श्रीनिवास को गिरफ्तार किया है। दोनों आंध्र प्रदेश के निवासी हैं। इनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
एएसपी अग्रवाल ने कहा कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नाकेबंदी की गई। जैसे ही मेटाडोर आती दिखाई दी उसको रुकवाया गया। इसके बाद उसकी चेकिंग की गई। आरोपियों ने गांजे को मछलियों के थर्मोकोल वाले क्रेट में बर्फ और मछलियों के बीच इस प्रकार रखा था कि किसी को भी शक न हो। पुलिस टीम ने जब तलाशी ली तो उनकी आंखे फटी की फटी रह गईं। पैकेटों में गांजे को छिपाकर रखा गया था। कुल गांजे का वजन 11 क्विंटल 14 किलो बताया गया। इसकी कीमत बाजार में 1.10 करोड़ बताई गई।